विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान एवं सुझावों के लिए प्रत्येक माह चतुर्थ मंगलवार को आयोजित होगा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’


25 अगस्त से जिले के चयनित विद्यालयों एवं छात्रावासों में होगा शिविर का आयोजन
राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान, शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार तथा विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा।

जिले में इस अभियान की शुरुआत 25 अगस्त 2026 से की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा श्री जगुनाथ रड्डी जला द्वारा आवश्यक आदेश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल एवं प्रभावी आयोजन के लिए संबंधित विद्यालयों एवं छात्रावासों के अनुसार विभागीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शिविर में विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

सदर प्रखंड अंतर्गत निम्नलिखित विद्यालयों एवं छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा—
डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, मोगलपुरा, दरभंगा।
अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास, राज हाई स्कूल, हसन चौक, दरभंगा।जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास, सुंदरपुर बेला, दरभंगा,उच्च माध्यमिक विद्यालय, कबीरचक, दरभंगा,प्लस टू एम.एल. एकेडमी उच्च विद्यालय, दरभंगा,अल्पसंख्यक कल्याण बालक छात्रावास, मिल्लत कॉलेज के निकट, दरभंगा,
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज की जा सकेगी शिकायत एवं सुझाव विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ ।
इस पोर्टल पर संबंधित विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों के वास्तविक (Bona fide) विद्यार्थी ही अपना निबंधन कर सकेंगे तथा अपनी शिकायत एवं सुझाव दर्ज करा सकेंगे।
पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी विशेष रूप से शैक्षणिक समस्याओं एवं संस्थान में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। इसके साथ ही शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के संबंध में अपने उपयोगी सुझाव भी दे सकते हैं।
इन समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे विद्यार्थी

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल एवं विद्यार्थी सहयोग शिविर में विद्यार्थी निम्न प्रकार की समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे—समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना।
प्राध्यापकों/शिक्षकों का निर्धारित समय पर कक्षा में उपस्थित नहीं होना अथवा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहना। निर्धारित समय पर परीक्षा का संचालन नहीं होना।
परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन नहीं होना। अनधिकृत फीस/शुल्क की वसूली। कक्षाओं में बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव। विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होना।
प्रयोगशालाओं से संबंधित समस्याएं। विद्यालय/महाविद्यालय/छात्रावास में पेयजल की समस्या।
शौचालय एवं साफ-सफाई से संबंधित समस्याएं।
कोचिंग व्यवस्था से संबंधित समस्याएं।
संस्थान में विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतें।
विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाली अन्य समस्याएं।

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल एवं शिविर के माध्यम से प्राप्त शैक्षणिक सुधार संबंधी सुझावों को संबंधित प्रशासी विभाग द्वारा समेकित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि शिविर में प्राप्त विद्यार्थियों की शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, विद्यार्थियों को इस सुविधा के प्रति जागरूक करने एवं अधिक से अधिक वास्तविक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।

Santosh Dutta Jha: