प्रवीण को पी-एच.डी. उपाधि मिलने से विद्यापति सेवा संस्थान में हर्ष


विद्यापति सेवा संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा द्वारा डॉक्टरेट आफ फिलासिफी उपाधि अर्जित करने पर विद्यापति सेवा संस्थान में काफी हर्ष है। उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि पंचानन मिश्र के जीवन एवं साहित्य पर प्रवीण कुमार झा के द्वारा किया गया विश्लेषणात्मक अध्ययन मैथिली साहित्य जगत एवं अन्य भाषा साहित्य के छात्रों के लिए काफी उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि पंचानन मिश्र की छठी पुण्यतिथि से ठीक पहले पूर्ण हुआ यह शोध प्रबंध स्वागत योग्य है।

मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा ने कहा कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के मैथिली विभागाध्यक्ष प्रो अशोक कुमार मेहता के कुशल पर्यवेक्षण में प्रवीण कुमार झा द्वारा तैयार शोध प्रबंध में पंचानन मिश्र की पारिवारिक पृष्ठभूमि, शैक्षणिक योग्यता, जीविकोपार्जन, साहित्य सृजन एवं सामाजिक स्वरूप सहित उनके यायावरी जीवन आदि का विशद विवेचन किया गया है, जो सराहनीय एवं अन्य शोधार्थियों के लिए अनुकरणीय है।

कार्यकारी अध्यक्ष डॉ बुचरू पासवान ने कहा कि प्रवीण कुमार झा के शोध प्रबंध में जहां लोक चेतना के विशद अध्येता के रूप में पंचानन मिश्र की छवि निखरकर सामने आई है।

वहीं, एक उत्कृष्ट कोटि के निबंधकार के रूप में उनकी भाषा, शैली एवं सृजनात्मक क्षमता अत्यंत सारगर्भित एवं शोध परक रूप में सामने आई है। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ महेंद्र नारायण राम ने कहा कि प्रवीण कुमार झा के शोध प्रबंध में पंचानन मिश्र को एक उच्च कोटि के सृजनकर्ता के साथ ही सकारात्मक विचार के पोषणकर्ता, समाज को करीब से देखने की उनकी क्षमता और वंचित समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता विशेष रूप से मुखर हुई है, जो मैथिली साहित्य क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत है।

प्रवीण कुमार झा की सारस्वत उपलब्धि के लिए वैद्य गणपति झा, डॉ अयोध्या नाथ झा, अमरनाथ चौधरी, शंभुनाथ मिश्र, फूलचंद झा प्रवीण, विनोद कुमार झा, प्रो विजयकांत झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई, आशीष चौधरी, डॉ गणेशकांत झा, डॉ उदयकांत मिश्र, मणि भूषण राजू पुरुषोत्तम वत्सस आदि ने भी शुभकामनाएं दी है।

Santosh Dutta Jha: