जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक

जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण, नशा उन्मूलन तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा एवं चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों एवं औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोरों की नियमित एवं सघन जांच करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि दवा दुकानों पर प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


जिलाधिकारी ने सभी औषधि निरीक्षकों को आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ आवश्यकता के अनुसार मद्यनिषेध विभाग, दरभंगा तथा संबंधित थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को केवल नियमित जांच तक सीमित नहीं रहने, बल्कि अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर दवा दुकानों की औचक जांच एवं आसूचना संकलन करने तथा प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों की 500 मीटर की परिधि को ड्रग-मुक्त क्षेत्र के रूप में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने जिले के सभी थाना अध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों, विशेषकर जिले के सीमा क्षेत्रों में सघन जांच अभियान लगातार चलाते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रड्डी, सहायक आयुक्त मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। वहीं संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Santosh Dutta Jha: