कमतौल थाना क्षेत्र के बरिओल चौक के पास मद्यनिषेध टीम की कार्रवाई
दरभंगा, 17 अगस्त 2026 :-
जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं सेवन के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि मद्यनिषेध टीम, दरभंगा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, कि कमतौल थाना क्षेत्र के बरिओल चौक के पास एक साइकिल मरम्मत की दुकान में अवैध विदेशी शराब का भंडारण किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त दुकान में छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान दुकान से 208.725 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने बताया कि अवैध शराब के भंडारण एवं कारोबार के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, मद्यनिषेध टीम द्वारा संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति के बयान के आधार पर अवैध शराब के कारोबार में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है, तत्पश्चात उनके विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।