प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों की बैठक एडीआर भवन में किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि विद्युत, माप तौल, मजदूरी जैसे विभागीय मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर कार्यालय में जमा करें ताकि पक्षकारों को ससमय नोटिस जारी किया जा सके।
उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर से भी पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रेरित करें और अधिक से अधिक मामलों में पक्षकारों के साथ समझौता करने का प्रयास करें। बैठक में विद्युत विभाग के मामलों को निष्पादन के लिए चयनित करने पर विशेष जोर दिया गया। दूसरी ओर मुकदमा पूर्व मामलों के तहत विभिन्न बैंकों के ऋण संबंधी मामलों के चयन, प्रचार-प्रसार आदि के लिए बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैंक गाइडलाइंस के अनुसार ऋणधारकों को विशेष छूट उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।
बैठक में प्रमंडलीय वन अधिकारी, श्रम अधीक्षक, माप तौल अधीक्षक, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत कार्यपालक अभियंता एवं एलडीएम सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद थे।