कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टावर होते हुए लोहिया चौक तक निकली तिरंगा यात्रा
जनप्रतिनिधियों,पदाधिकारियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड एवं ‘मेरा युवा भारत’ के सदस्यों ने लिया भाग
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, दरभंगा के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात तिरंगा यात्रा कर्पूरी चौक से प्रारंभ होकर बेंता चौक, लहेरियासराय टावर होते हुए लोहिया चौक तक पहुँची। लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। लोहिया चौक पर संबोधन के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान से हुआ, जबकि समापन बिहार गीत के साथ किया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण रहा तथा सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।इस अवसर पर माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, दरभंगा श्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि देश को आजाद कराने में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों ने अपने आहुति दी।उनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपने राष्ट्रीय ध्वज को गर्व के साथ फहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों लोगों की तिरंगा यात्रा में सहभागिता राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करती है। यह प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव एवं स्वाभिमान की बात है
आज दरभंगा में कर्पूरी चौक से लोहिया चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर गांव तिरंगा, हर प्रतिष्ठान तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर राष्ट्रध्वज के प्रति मान, सम्मान और स्वाभिमान की भावना प्रदर्शित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा तिरंगा सदैव ऊँचा रहे और देश की एकता एवं अखंडता का प्रतीक बना रहे।जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता हुई, जो जिले में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की मजबूत भावना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा अवश्य फहराएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, दरभंगा श्री कुमार शैलेंद्र, माननीय नगर विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा श्री संजय सरावगी, माननीय विधायक, केवटी श्री मुरारी मोहन झा, माननीय महापौर, दरभंगा नगर निगम श्रीमती अंजुम आरा, माननीय विधान परिषद सदस्य श्री हरि सहनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
तिरंगा यात्रा में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा ‘मेरा युवा भारत’ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आमजनों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।