34 उपभोक्ताओं ने सोलर लोन के लिए विभिन्न बैंकों में आवेदन किया उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक एवं 6 सोलर वेंडर सम्मानितआज नाका नं.-05 स्थित विद्युत कार्यालय परिसर में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोलर-सह-सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया।
मेले में बड़ी संख्या में घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लिया तथा रूफटॉप सोलर पैनल लगाने एवं सोलर लोन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।मेले में कुल 118 इच्छुक घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा सोलर रूफटॉप लगाने हेतु आवेदन किया गया।वहीं, सोलर लोन प्राप्त करने के इच्छुक उपभोक्ताओं द्वारा विभिन्न बैंकों में कुल 34 आवेदन समर्पित किए गए। मेले में उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की स्थापना, अनुदान, बैंक ऋण, आवेदन प्रक्रिया तथा योजना के लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अधिकृत वेंडरों द्वारा स्टॉल लगाए गए तथा रूफटॉप सोलर पैनल की प्रदर्शनी भी की गई। वेंडरों द्वारा उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की गुणवत्ता, स्थापना प्रक्रिया, क्षमता, लागत तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई।सोलर लोन की सुविधा उपलब्ध कराने एवं उपभोक्ताओं को ऋण से जोड़ने में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सोलर लोन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिवधारा, ईनाय, कादिराबाद एवं PNB कामेश्वर नगर स्थित बैंक शाखाओं को जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।दरभंगा जिला अंतर्गत रूफटॉप सोलर पैनल के अधिष्ठापन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 6 वेंडरों को भी जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिनमें सम्मानित वेंडरों में—MN Energy and Infra Private Limited, Darbhanga
Solar Power Sunrise Renewable Energy,
OMS Solar Ventures Pvt. Ltd.,
ADP Renew Power
Flowerfizz Services Private Limited
शामिल हैं।इस अवसर पर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने सोलर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं सोलर वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि इच्छुक उपभोक्ताओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम सेवा उपलब्ध हो सके।उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ता स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने के साथ-साथ अपने बिजली बिल में कमी ला सकते हैं। सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मेले के माध्यम से उपभोक्ताओं को सोलर पैनल अधिष्ठापन एवं सोलर लोन की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत सहित विद्युत विभाग के सभी अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।