पेंशनधारियों से आधार सीडिंग कराने की अपील
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज समाहरणालय परिसर से सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में आधार सीडिंग कराने हेतु जागरूकता प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग का कार्य शीघ्र सुनिश्चित कराने की अपील की,ताकि उन्हें पेंशन की राशि का भुगतान ससमय एवं सुचारू रूप से प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि “आधार सीडिंग करवाएं, पेंशन समय पर पाएं, बैंक खाता आधार से जोड़ें।” उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बैंक खाते में आधार सीडिंग कराया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में समय पर पहुंचाने में सुविधा होगी तथा भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी।जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में लगभग 40,000 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में आधार सीडिंग का कार्य अभी शेष है।
इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में विशेष रूप से आधार सीडिंग का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि पेंशनधारियों को आधार सीडिंग की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से जोड़ना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि आधार सीडिंग के प्रति पेंशनधारियों को जागरूक करने के लिए जागरूकता प्रचार-प्रसार रथ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी माननीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को आधार सीडिंग कराने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने का अनुरोध किया गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि बैंक खाते में आधार सीडिंग से पेंशन राशि का समय पर भुगतान, भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता, धोखाधड़ी से सुरक्षा तथा लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
उन्होंने पेंशनधारियों से अपील की कि वे किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें और अपना आधार सीडिंग कार्य अवश्य पूर्ण कराएं।
इस अवसर पर सहायक निदेशक,सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री शशि कुमार रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।