टीबी मुक्त भारत अभियान, राशन कार्ड निर्माण, जनगणना, अभियान बसेरा एवं फार्मर रजिस्ट्रेशन की डीएम ने की समीक्षा

 

जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान, राशन कार्ड निर्माण, जनगणना, अभियान बसेरा एवं फार्मर रजिस्ट्रेशन सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में किए जा रहे स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मरीजों की स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे किया गया है,उनका आवश्यकतानुसार पुनः स्क्रीनिंग सुनिश्चित कराया जाए, ताकि टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान एवं उपचार किया जा सके।जिलाधिकारी ने पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों के टीबी मरीजों की माताओं की पे-आईडी बनाने का निर्देश सभी पीएचसी प्रभारियों को दिया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सोमवार तक शत-प्रतिशत टीबी मरीजों के खाते में निर्धारित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने टीबी मरीजों के लिए बास्केट फूड उपलब्ध कराने हेतु संधारित खाते का क्यूआर कोड सभी संबंधित कार्यालयों में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए जाने से अधिक से अधिक कर्मी, पदाधिकारी एवं आम नागरिक टीबी मरीजों के उपचार एवं पोषण सहायता के लिए आर्थिक सहयोग कर सकेंगे। उन्होंने इस कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार एवं एनसीडीओ श्री सत्येंद्र कुमार को टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किए जा रहे सभी कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते रहने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया।बैठक में जिलाधिकारी ने राशन कार्ड निर्माण एवं ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लाभुकों के राशन कार्ड बनाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी कार्य भी अभियान चलाकर पूर्ण कराने को कहा।उन्होंने निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण का कार्य 12 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने ई-केवाईसी कार्य को ई-केवाईसी ऐप के माध्यम से भी तेजी से कराने का निर्देश दिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा।तत्पश्चात जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी चार्ज पदाधिकारी एवं प्रगणक के साथ समन्वय स्थापित कर बैठक करें तथा जनगणना से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से प्रारंभ एवं संचालित कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में सभी संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित अनुश्रवण पर विशेष बल दिया।जिलाधिकारी ने अभियान बसेरा के अंतर्गत पर्चा वितरण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा पर्चा वितरण से संबंधित जानकारी को ससमय पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया।बैठक में जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जमाबंदियों में सुधार किया गया है, उनकी अद्यतन सूची संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी बनाया जा सके।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार गौरव, डीसीएलआर सदर श्री संजीत कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य, श्री रवि कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Santosh Dutta Jha: