हर घर तिरंगा एवं नदी संरक्षण गतिविधियों को लेकर जिला गंगा समिति की हुई बैठक

नदी एवं जल स्रोतों के घाटों को गोद लेने कि पहल, कॉलेज वॉलंटियर टीम गठन, स्वच्छता अभियान पर बनी कार्ययोजना

युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ,निर्मल एवं अविरल नदियों के निर्माण का लिया गया संकल्प

जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार 08 अगस्त 2026 को जिला गंगा समिति कार्यालय, विकास भवन परिसर, दरभंगा में नमामि गंगे सक्रिय वॉलंटियरों एवं युवा स्वयंसेवकों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता श्री फारूक इमाम, जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी हर घर तिरंगा अभियान, नदी संरक्षण एवं स्वच्छता हेतु जन-जागरूकता गतिविधियों, तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना।

बैठक के प्रारंभ में जिला परियोजना पदाधिकारी द्वारा सभी स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए कहा गया कि नदी संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं,बल्कि जनभागीदारी आधारित सामाजिक है। उन्होंने युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं अविरल नदियों के निर्माण में जागरूक नागरिकों एवं संगठित स्वयंसेवी समूहों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।बैठक में वॉलंटियर सहभागिता ट्रैकिंग प्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जिला गंगा समिति द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम, वृक्षारोपण, घाट गतिविधियों, कार्यशालाओं, रैलियों एवं विशेष आयोजनों में स्वयंसेवकों की उपस्थिति एवं योगदान का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, जिसके आधार पर वर्षांत प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

 

बैठक में साप्ताहिक जन-जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों के नियमित संचालन हेतु एक प्रारंभिक कार्ययोजना तैयार की गई। महाविद्यालयों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कॉलेज स्तर पर कार्यशालाओं, सेमिनारों एवं जागरूकता बैठकों के आयोजन पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक महाविद्यालय में नमामि गंगे वॉलंटियर टीम के गठन, एक वॉलंटियर कोऑर्डिनेटर/टीम लीडर के चयन, तथा NSS, NCC एवं अन्य संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि पर्यावरण एवं नदी संरक्षण संबंधी गतिविधियों को संस्थागत स्वरूप दिया जा सके।बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय आगामी हर घर तिरंगा अभियान एवं वंदे मातरम् गतिविधियों में नमामि गंगे वॉलंटियरों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस संबंध में तिरंगा यात्रा एवं राष्ट्रभक्ति आधारित जन-जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन पर चर्चा की गई।नदी संरक्षण को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए नदी पुनर्जीवन एवं नदी संरक्षण संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता नाट्य प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का प्रस्ताव भी रखा गया। स्वयंसेवकों ने सुझाव दिया कि स्थानीय भाषा एवं सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग कर नदी संरक्षण के संदेश को ग्रामीण एवं शहरी समुदायों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।

बैठक में “नदी एवं जल स्रोतों के घाटों को गोद लेने (Adopt-a-Ghat Initiative)” की अवधारणा पर विशेष रूप से विस्तृत चर्चा की गई। इस पहल के अंतर्गत जिला गंगा समिति द्वारा चयनित प्रमुख घाटों को महाविद्यालयों, युवा वॉलंटियर टीमों, NSS/NCC इकाइयों एवं स्थानीय सामाजिक संगठनों के सहयोग से नियमित स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

बैठक में उपस्थित वॉलंटियर ने गंगा एवं अन्य नदियों के संरक्षण, घाट स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में कोऑर्डिनेटर पूजा कुमारी, संजीव कुमार एवं सुनील कुमार सहित विभिन्न महाविद्यालयों की सक्रिय वॉलंटियर अंशु कुमारी, नव्या नंदनी, नयनप्रिया, तनीषा कुमारी, अंकित आनंद, मनीषा कुमारी, श्रुति सानिया, उमा भारती, सोनू राज, श्यामा मणि, अभिषेक पंजियार, ओमकार साह, सुमित कुमार, वर्षा कुमारी सहित चालीस से अधिक वॉलंटियरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Santosh Dutta Jha: