जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज कार्यालय कक्ष है वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान, राशन कार्ड निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, अभियान बसेरा, गन्ना खेती को बढ़ावा देने हेतु किसानों का पंजीकरण सहित बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका को राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर तक तिरंगे की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजनों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि तिरंगा अभियान के तहत आयोजित होने वाली रैली के मार्ग का पूर्व में ही चिन्हांकन कर लिया जाए। साथ ही रैली एवं अभियान से संबंधित कार्यक्रमों में सभी माननीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर आमंत्रण एवं प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में नए राशन कार्ड निर्माण एवं इससे संबंधित कार्यों की प्रखंडवार समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि बहादुरपुर प्रखंड में राशन कार्ड निर्माण की प्रगति अपेक्षाकृत कम है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को बहादुरपुर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर 10 से 12 हजार नए राशन कार्डों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान जिले में नई चीनी मिल की स्थापना के लक्ष्य के संबंध में भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक चीनी मिल के लिए लगभग 30,000 एकड़ क्षेत्र में गन्ने की खेती की आवश्यकता होगी। इसके मद्देनजर जिले में गन्ना खेती को बढ़ावा देने एवं अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को सदस्यता दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में किसानों को गन्ना खेती एवं संबंधित सहकारी व्यवस्था से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन प्रत्येक पंचायत से कम-से-कम 50 किसानों को सदस्यता से जोड़ना सुनिश्चित करें। साथ ही आगामी बैठक से पंचायतवार किसानों की पंजीकरण सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया,ताकि पंचायत स्तर पर अब तक किए गए पंजीकरण की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जा सके।बैठक में अभियान बसेरा के अंतर्गत पर्चा वितरण एवं संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान बसेरा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां 12 अगस्त 2026 से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही संबंधित अभिलेख एवं उपलब्धियों को निर्धारित पोर्टल पर भी अपलोड करना सुनिश्चित करने का निर्देश सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को दिया।उन्होंने सभी डीसीएलआर को अभियान बसेरा के कार्यों का नियमित अनुश्रवण एवं समीक्षा करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में प्रगति सुनिश्चित हो सके।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने जिले में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की प्रखंडवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले दो दिनों के भीतर सभी चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्य को प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती चांदनी सिंह सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।