05 अगस्त को 32 पंचायतों एवं 12 नगर वार्डों में लगा शिविर,जन शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन पर जोर
जन शिकायतों को सुलभ तरीके से प्राप्त करने तथा उनके प्रभावी एवं समयबद्ध निवारण के उद्देश्य से वर्तमान व्यवस्था के अतिरिक्त प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार 05 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों की 32 पंचायतों तथा नगर निकाय क्षेत्रों के 12 वार्डों में पूर्वाह्न 09:00 बजे से सहयोग शिविर का आयोजन किया गयाअलीनगर प्रखण्ड अन्तर्गत लहठा-तुमौल-सुहत पंचायत के पंचायत भवन एवं अधलोआम पंचायत के पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण) श्री आशीष अमन ने की।
उक्त शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में आम नागरिकों की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए गए तथा उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।उल्लेखनीय है कि “सहयोग शिविर” के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाता है। प्रत्येक परिवाद का निष्पादन निर्धारित अवधि में कर उसकी अद्यतन स्थिति सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाती है।
सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आम नागरिक निःशुल्क हेल्पलाइन 1100 पर प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 08:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक सहयोग पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) पर भी किसी भी समय अपना ऑनलाइन आवेदन दर्ज करा सकते हैं।
शिविर के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न स्थलों पर वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए सहयोग शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए, जहाँ संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा आवश्यक आवेदनों का निष्पादन किया गया।