140 स्थलों पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति
04-05 अगस्त तक जिला नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए 140 संवेदनशील स्थलों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।जारी संयुक्त आदेश में कहा गया है कि चेहल्लुम पर्व 04 एवं 05 अगस्त 2026 को मनाए जाने की सूचना है।
इस अवसर पर मुहर्रम की तरह ताजिया एवं जुलूस निकाले जाने की परंपरा है। ऐसे में जुलूस मार्ग, ताजिया के आगे-पीछे होने तथा अन्य संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो ।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि ताजिया जुलूस का लाइसेंस एवं मार्ग निर्धारण इस प्रकार किया जाए कि किसी भी अखाड़े या जुलूस के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। सभी संबंधित पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं ओ.पी. अध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में अफवाह फैलाने वाले, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे चौकीदार एवं दफादारों को सक्रिय रखें तथा विशेष शाखा के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखें।सभी थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जिन क्षेत्रों में पूर्व में साम्प्रदायिक तनाव की घटनाएं हुई हैं अथवा तनाव की आशंका है, वहां दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मुखिया, सरपंच एवं गणमान्य व्यक्तियों के सहयोग से शांति समिति को सक्रिय रखें।चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए समाहरणालय, दरभंगा में 04 अगस्त से 05 अगस्त 2026 तक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या : 06272-240600 है।
अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन दस्ता की एक टुकड़ी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें।थानाध्यक्ष (यातायात) को निर्देश दिया गया है कि शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही स्वयं भ्रमणशील रहकर यातायात एवं विधि-व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें,ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पर्व के दौरान जिले के 140 चिन्हित स्थलों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनकी प्रतिनियुक्ति सामान्यतः 04 अगस्त के पूर्वाह्न से 05 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी। यदि किसी स्थान पर तनाव की स्थिति उत्पन्न होती है, तो आवश्यकता अनुसार प्रतिनियुक्ति की अवधि स्वतः बढ़ाई जाएगी।सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने अनुमण्डल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समग्र रूप से जिम्मेदार रहेंगे। वहीं सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं तथा किसी भी तनाव अथवा घटना की सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करें।
संयुक्त आदेश के अनुसार चेहल्लुम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं। विशेष परिस्थिति में ही सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से अवकाश प्रदान किया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।