● विकसित भारत के निर्माण का मार्ग नशामुक्त भारत होकर गुजरता है, बोली डॉ. रीता कुमारी
● महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय में आयोजित हुआ नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
दरभंगा:- आज दिनांक 2 अगस्त 2026 दिन रविवार को प्रातः 10 बजे से स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश भर में शुरू किये गये नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसके युवा होते हैं। यदि युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त होकर शिक्षा, कौशल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाए, तो वही राष्ट्र की वास्तविक मानव पूंजी बनता है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और व्यक्तित्व को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और देश की प्रगति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। इसलिए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें रचनात्मक एवं राष्ट्रनिर्माण संबंधी गतिविधियों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
इस बाबत राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का मार्ग नशामुक्त, शिक्षित, स्वस्थ और आत्मनिर्भर युवाओं से होकर गुजरता है। प्रत्येक युवा यदि अपने ज्ञान, कौशल और ऊर्जा का सदुपयोग राष्ट्रहित में करे, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प शीघ्र ही साकार हो सकता है। इस कड़ी में हमारे राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक की भूमिका अहम हो सकती है। वो महाविद्यालय से लेकर नशामुक्त समाज की दिशा में इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें। इस बाबत महाविद्यालय के सभी शिक्षक व कर्मी उपस्थित थे।