आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में ग्राम कचहरी में लंबित शमनीय मुकदमों के निपटारे को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा की सचिव आरती कुमारी ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर वर्ष के तीसरे राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित किया जाएगा जिसमें सभी तरह के सुलह समझौता योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालतों के सफल आयोजनों में ग्राम कचहरियों का भी सराहनीय योगदान रहा है। बारह सितंबर के लिए विशेष रूप से तैयारी करें और निपटारे योग्य मामलों को चयनित कर सूची तैयार करें।
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए संबंधित पंचायत के ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामलों को चयनित करें और पक्षकारों को भी सूचित करें। सचिव आरती कुमारी ने कहा कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर गांवों को विवाद मुक्त बनाने के लिए कुछ पंचायतों में सामुदायिक मध्यस्थता अभियान भी चलाया जा रहा है
जिसके लिए भी संबंधित पंचायत के लोगों को जागरूक करें। बैठक में सभी पंचायती राज अधिकारी मौजूद थे।