जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण एवं भूमि सीमांकन से संबंधित प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता,सीमांकन एवं निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर अब तक भूमि का सीमांकन नहीं किया गया है अथवा जहां आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण हेतु उपयुक्त सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित पोषण क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त भूमि चिन्हित कर शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें,ताकि भवन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर भूमि का सीमांकन पूर्ण हो चुका है, वहां आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य बिना विलंब के प्रारंभ कराया जाए तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।समीक्षा के क्रम में जानकारी दी गई कि घनश्यामपुर प्रखंड के अंतर्गत तीन स्थानों पर अब तक भूमि का सीमांकन नहीं हो पाया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे राजस्व कर्मचारी एवं अमीन के साथ स्वयं स्थल का निरीक्षण करें तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र सीमांकन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
इसी प्रकार किरतपुर प्रखंड के संबंध में बताया गया कि चिन्हित भूमि पर जलजमाव एवं गड्ढे होने के कारण भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करने में कठिनाई आ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पोषण क्षेत्र के अंतर्गत वैकल्पिक एवं उपयुक्त भूमि चिन्हित कर तत्काल उपलब्ध कराई जाए,जिससे निर्माण कार्य बाधित न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अंचलाधिकारियों, कार्यपालक अभियंता, सीडीपीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 31 जुलाई तक सभी स्थलों पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती चांदनी सिंह उपस्थित थीं। सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं सीडीपीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।