दरभंगा, 29 जुलाई 2026 :-
जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा की ओर से सामुदायिक मध्यस्थता को लेकर सदर प्रखंड अंतर्गत रानीपुर में जन जागरुकता अभियान चलाया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
सचिव आरती कुमारी ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि गांवों की उन्नति एवं प्रगति के लिए छोटे छोटे विवादों को ग्रामीण स्तर पर सुलझाना जरुरी है। इसके लिए पक्षकारों की सहमति से मध्यस्थता के जरिए विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
यदि कोई मामला गंभीर प्रकृति का पाया जाएगा तो उसे उचित फोरम में भेजा जाएगा और पक्षकारों को निःशुल्क विधिक सेवा और सलाह भी उपलब्ध कराया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा ने सहमति से समझौता के जरिए विवादों को हल कर गांवों को विवाद मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह योजना लागू किया है। उन्होंने मध्यस्थता प्रक्रिया को विस्तार से बताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की तथा कहा कि जिले के पांच गांवों को विवाद मुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनायें।प्रशिक्षित मध्यस्थों ने भी मुकदमा मुक्त गांव बनाने के लिए सामुदायिक मध्यस्थता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही।
मौके पर पंचायत के मुखिया राजकुमार दास, सरपंच बालेश्वर दास, न्यायमित्र आभा कुमारी, अधिवक्ता कुमार गौतम, रंजीत कुमार यादव, पिंकी देवी, अशोक कुमार यादव, विभा देवी, कंचन कुमारी, संजू देवी आदि मौजूद थे।