जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा कक्ष में दरभंगा शहर में वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर संचालित एलीवेटेड सड़क, पुल, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), सड़क निर्माण एवं अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के दौरान विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा एवं आवश्यक समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के कारण यातायात व्यवस्था, आमजन की सुविधा, सुरक्षा, संभावित जाम की स्थिति, वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता तथा निर्माण एजेंसियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दरभंगा शहर में आधारभूत संरचना के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए।
निर्माण स्थल पर आवश्यक बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात संकेतकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए। आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की जानकारी आमजन को समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा निर्माण कार्यों के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन एवं आमजन के बीच एक सशक्त समन्वयक की भूमिका निभाएं। यदि किसी क्षेत्र में निर्माण कार्य अथवा यातायात से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
शांति समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित सुझाव एवं स्थानीय समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया तथा आश्वस्त किया कि नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री कुमार गौरव, डीसीएलआर (सदर) श्री संजीत कुमार, संबंधित विभागों के पदाधिकारी तथा जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।