बैठक में लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर
उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व तथा जन शिकायतों से संबंधित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की प्रगति का आकलन करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल ने सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें तथा किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर नए आंगनवाड़ी केंद्रों बनाया जाना है तथा भूमि सीमांकन का कार्य लंबित है, वहां सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर प्रारंभ किया जा सके।बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त भूमि संबंधी आवेदनों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें।
उप विकास आयुक्त ने ग्रीवांस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।