किलकारी के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का दिया गया संदेश
सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं मेडल देकर किया गया सम्मानित
दरभंगा, 25 जुलाई 2026 :- माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार सरकार के सफल एवं ऐतिहासिक 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज दरभंगा प्रेक्षागृह में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को सांस्कृतिक माध्यमों से आमजन तक पहुँचाना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना।
कार्यक्रम में किलकारी के बच्चों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायी कविता-पाठ से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने शिक्षा, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया,जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।कलाकारों ने सहज एवं रोचक शैली में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने का प्रयास किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रस्तुति देने वाले किलकारी के बच्चों एवं कलाकारों को उनके उत्साहवर्धन के लिए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दरभंगा श्री आशीष अमन तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार द्वारा मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर ने उपस्थित कलाकारों एवं बच्चों को संबोधित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी कलाकारों, बच्चों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का सफल मंच संचालन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित दर्शकों का स्वागत करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का परिचय कराया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कलाकार, अभिभावक, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।