196 सुयोग्य लाभुकों को मिला बंदोबस्ती प्रमाण पत्र, पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुँचाने के दिए गए निर्देश
दरभंगा जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में शनिवार को अभियान बसेरा-02 के अंतर्गत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों के बीच विशेष अभियान-सह-बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित प्रखंडों के अंचलाधिकारियों द्वारा की गई।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने बताया कि अभियान के तहत चयनित लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी लाभुकों से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने दें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि प्रमाण पत्र वितरण के साथ-साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा अभियान की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करें।
उन्होंने जानकारी दी कि *दरभंगा जिले में अभियान बसेरा-02 के अंतर्गत कुल 196 उपलब्धियाँ दर्ज की गई हैं*, जो अभियान के सफल क्रियान्वयन का प्रमाण है।