उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
बिहार सरकार द्वारा आम जनों के हित में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों (बीपीआरओ) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा आम नागरिकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए पंचायत स्तर तक व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक लोग सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी पहलों से अवगत हो सकें।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिले की प्रत्येक पंचायत में कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट कराया जाए। इसके लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बैठक स्थल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाएँ पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएँ, जिससे कार्यक्रम का सफल प्रसारण एवं संचालन निर्बाध रूप से हो सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, किसानों तथा आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए,ताकि सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और लाभार्थियों तक सही जानकारी पहुँच सके।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं अधिकारियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक गतिविधि की नियमित मॉनिटरिंग करें। बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।