सीएमआर आपूर्ति की समीक्षा बैठक में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों व राइस मिलरों को सख्त निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएमआर आपूर्ति की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों एवं राइस मिलरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अगले दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य एवं समय-सीमा का अक्षरशः पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ प्रखंडों का प्रदर्शन जिला औसत से कम है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला औसत से कम उपलब्धि वाले सभी प्रखंडों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उन्होंने कहा कि जिन प्रखंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सीएमआर आपूर्ति में तेजी लाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएमआर आपूर्ति सभी संबंधित अधिकारी एवं राइस मिलर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।
बैठक में जिला प्रबंधक, एसएफसी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों द्वारा जिन पैक्सों के लिए एसडीआर (स्टॉक डिलीवरी रसीद) की मांग की गई है, उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने एसएफसी को इस कार्य में पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों एवं राइस मिलरों से कहा कि वे आपसी समन्वय बनाए रखते हुए लंबित सीएमआर आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा प्रतिदिन की प्रगति की नियमित निगरानी करते रहें, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।