ताबरतोर गोलियों की आवाज से दहल उठा राजधानी पटना।

बिहार की राजधानी पटना मंगलवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। शहर के चौक थाना क्षेत्र में अशोक राजपथ के सटे मिरचाई गली के सामने दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर गली के मोड़ पर सुबह लगभग सवा नौ बजे तीन अपराधियों ने जमीन कारोबारी विनोद सोनी उर्फ टेनी (42 वर्ष) को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार दी।

जमीन कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के समीप दुकान खोलने आए एक दुकानकर्मी के पैर में भी गोली लगी है। घायल को इलाज के लिए श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास से ग्यारह खोखा बरामद किया है। शव को टेंपो से पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कालेज भेज दिया गया।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी अमूल प्रसाद उर्फ आमू ने बताया कि वे चौक सब्जी बाजार से फल खरीदकर पादरी की हवेली स्थित घर के लिए टेंपो पकड़ने जा रहे थे। चौक मोड़ पहुंचते ही स्कूटी सवार विनोद सोनी उर्फ टेनी ने उन्हें आवाज देकर रोका।

उसने कहा कि भैया आप हार्ट का ऑपरेशन कराए हैं और भारी सामान उठाकर जा रहे हैं। यह कहकर टेनी ने अमूल प्रसाद के हाथ से फल-सब्जी के पॉलीथिन को अपनी स्कूटी के आगे टांग लिया। फिर दोनों निकल पड़े।

चौक मोड़ से लगभग 100 गज दूरी पर जनता होटल के पास पहुंचते ही कठोतिया गली से तीन अपराधी पिस्टल लहराते निकले और स्कूटी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। स्कूटी चला रहे जमीन कारोबारी विनोद सोनी उर्फ टेनी स्कूटी छोड़ अशोक राजपथ पर चौक की ओर भागने लगे।

भागने के क्रम में वह दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर की गली पास एक टेंपो से टकरा गए। पीछा कर रहे तीनों अपराधियों ने विनोद उर्फ टेनी का पीछा करते हुए उनके सिर, गला, हाथ और शरीर के कई हिस्सों में ताबड़तोड़ गोली मार दी।

उधर, स्कूटी पर पीछे बैठे अमूल प्रमाद उर्फ आमू भागकर जनता होटल में छिप गए। फायरिंग के दौरान दुकान खोलने आए सुरेंद्र बागला के कर्मचारी 55 वर्षीय पप्पू कुमार के भी पैर से गोली छूते हुए निकल गई। फायरिंग के दौरान अशोक राजपथ पर भगदड़ मच गई। दुकानों के शटर गिर गए। लोग इधर-उधर भागने लगे।

अलग-अलग जगहों से 11 खोखा बरामद
सूचना पाकर चौक थानाध्यक्ष गौरीशंकर गुप्ता व खाजेकलां थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटनास्थल से चौक थाना के दारोगा चुन्नू पासवान ने सात खोखा बरामद किया है। वहीं, अशोक राजपथ पर से पुलिस ने चार खोखा बरामद किया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है।

हत्याकांड में जेल जा चुका था मृतक
चौक थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक वर्ष 2020 में कल्लू हत्याकांड में खाजेकलां थाना से जेल गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ अन्य आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। लोगों ने बताया कि जमीन कारोबारी प्रतिदिन खाजेकलां स्थित सोनार टोली आवास से चाय पीने चौक के सब्जी बाजार में आता था।

प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि अपराधी उसकी गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। पुलिस लाइनर की भी खोज में जुटी है। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधी गिरफ्त में होंगे।

Darbhanga Office:

View Comments (1)

  • देख तेरे राज्य की क्या हालत हो गयी भगवान तेरे सुशासन बाबु के कारण फिर हो गया दुशासन