दरभंगा के होटल एम2एस, वीआईपी रोड, लहेरियासराय में आज BOACON 2027 की तैयारियों के संबंध में बिहार ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (BOA) के पदाधिकारियों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का स्वागत भाषण BOACON 2027 के आयोजन अध्यक्ष डॉ. एस. के. सिन्हा ने दिया। इस अवसर पर डॉ. एस. एन. सराफ एवं डॉ. अमित कुमार ने क्रमशः थ्रोम्बोएम्बोलिज्म तथा हैंड सर्जरी विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।
BOA के अध्यक्ष डॉ. अमूल्य सिंह ने “डॉक्टर और उसके सपने एवं परेशानियाँ” विषय पर एक प्रेरणादायक एवं विचारोत्तेजक व्याख्यान दिया। वहीं BOA के अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. राजीव आनंद ने BOACON 2027 की तैयारियों की प्रगति से सभी को अवगत कराया।
BOA के महासचिव डॉ. रितेश रुणु ने BOA एवं MOA के मध्य प्रस्तावित एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर करने तथा दोनों संगठनों के बीच सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विशेष जोर दिया। सेंट्रल जोन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भुवन सिंह ने पूर्व में आयोजित BOACON सम्मेलनों से सीख लेकर बेहतर आयोजन सुनिश्चित करने की सलाह दी।
BOACON 2027 के आयोजन सचिव डॉ. प्रवीण कुमार ने अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की तथा धन्यवाद ज्ञापन किया। MOA के सचिव डॉ. रमाशीष यादव ने BOACON 2027 के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष डॉ. जी. एस. झा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान तीन विशेष कार्यशालाओं (वर्कशॉप) का आयोजन किया जाएगा तथा इसकी तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।
बैठक में डॉ. आलोकानंद, डॉ. ऋतुराज, डॉ. दिलशाद, डॉ. प्रत्यूष पराग, डॉ. अभिषेक सराफ, डॉ. रामसागर पंडित, डॉ. अभिनव, डॉ. सरवन सहित डीएमसीएच ऑर्थोपेडिक्स विभाग के स्नातकोत्तर छात्र (पीजी) भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जी. एस. झा ने किया।