विश्वविद्यालय के विभिन्न विकासात्मक कार्यों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘एपीआई पोर्टल’ प्रारंभ

इस पोर्टल से प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाना संभव- कुलपति
दरभंगा, 27 मई, 2026

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के आईटी सेल द्वारा शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालयों के विभिन्न विकासात्मक कार्यों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से “एपीआई पोर्टल” प्रारंभ किया गया, जिसका शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने किया। इस पोर्टल के माध्यम से विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विभिन्न विभागों के प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाया जाएगा।

इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय में डिजिटल तकनीकों के विस्तार एवं आधुनिक आईटी आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पोर्टल शिक्षकों एवं विभागों के कार्य निष्पादन को सरल, तेज एवं व्यवस्थित बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

विश्वविद्यालय आईटी सेल प्रभारी डॉ अंकित कुमार सिंह ने बताया कि एपीआई पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच डेटा एवं सेवाओं का बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा, जिससे विश्वविद्यालय के डिजिटल तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। इस परियोजना के तकनीकी विकास एवं क्रियान्वयन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर गणेश कुमार पासवान, आईटी विशेषज्ञ विपुल कुमार तथा सोशल मीडिया हैंडलर राजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो अशोक कुमार मेहता, विश्वविद्यालय विकास परिषद् समन्वयक डॉ गजेन्द्र प्रसाद, महिला प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रो अजयनाथ झा, महाविद्यालय निरीक्षक प्रो अरुण कुमार सिंह, विकास पदाधिकारी डॉ अभिषेक राय तथा कुलपति के सचिव डॉ सैयद मोहम्मद जमाल अशरफ आदि उपस्थित थे। डॉ सिंह ने इस पहल को डिजिटल विश्वविद्यालय निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में और भी उन्नत तकनीकी सेवाएँ प्रारंभ करने की बात कही।

Santosh Dutta Jha: