जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज (कार्यालय कक्ष में) पेयजल की उपलब्धता एवं संभावित पेयजल संकट से निपटने की तैयारियों को लेकर नगर निगम,नगर परिषद एवं नगर पंचायत के संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने नगर परिषद नगर पंचायत के अधिकारियों से जलापूर्ति से संबंधित किए गए कार्यों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी नागरिक को पेयजल की संकट होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बेनीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में बोरिंग का कार्य कराया जा चुका है,जिससे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वार्डों में अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने संचालित जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव एवं मरम्मति कार्यों को सुदृढ़ करने के लिए धावा दल टीम के गठन का निर्देश दिया। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि पानी टैंकरों का क्रय कर लिया गया है तथा बोरिंग कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने सहायक समाहर्ता को बेनीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के वार्डों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की सतत निगरानी रखें तथा आवश्यकता के अनुसार पानी टैंकर एवं बोरिंग आदि सुलभ कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से पूर्ण करते हुए अप्रैल माह के अंत तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए, इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से उनके क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले वार्डों की संख्या, उपलब्ध पानी टैंकरों की संख्या एवं करार गए बोरिंग कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
साथ ही संभावित खराबियों के त्वरित समाधान हेतु मरम्मति दल के गठन एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी सक्रियता, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। पेयजल आपूर्ति से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक समाहर्ता, नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद, बुडको के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे l