आयुक्त ने किया योजना एवं विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों को लेकर समीक्षात्मक बैठक

आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमण्डलीय सभागार, दरभंगा में योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों यथा : दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के संबंधित वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सवर्प्रथम आयुक्त महोदय ने उपस्थित अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंताओं तथा जिला योजना पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की संक्षिप्त जानकारी लिए।
तत्पश्चात आयुक्त महोदय द्वारा योजनावार समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता पर विशेष बल दिया गया।
आयुक्त महोदय द्वारा पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने जिले के सभी स्वीकृत पंचायत सरकार भवनों का निर्माण ,निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करायें।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन, सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में से एक है।
कब्रिस्तान घेराबन्दी एवं मंदिर चाहरदिवारी योजना की समीक्षा के क्रम में उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा जन-भावनाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगति-रत योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इन योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चयन सुनिश्चित हो।
सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता भत्ता योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर लाभ प्रदान करने का निर्देश दियाl
इसके अतिरिक्त बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान आयुक्त महोदय ने कहा कि युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने वाली इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में आयुक्त महोदय ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आमजनों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि डीआरसीसी भवन में लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रदर्शित करें ताकि वहां आने वाले को सही और सटीक जानकारी प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा तीनों जिला के जिला निबंधन-सह-परामर्श केन्द्र का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
उक्त बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी, वन प्रमण्डल पदाधिकारी, दरभंगा मधुबनी एवं समस्तीपुर के अधिकारी ,अभियंता आदि उपस्थित थे l

Santosh Dutta Jha: