पटना में मौसम ने ली करवट, बिहार में शुरु हुई कड़ाके की ठंड, इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट।

बिहार में अब कड़ाके की ठंड का असर अब महसूस होने लगा है। हवा की गति में तेजी आने से ठिठुरन बढ़ गई है। बाहर निकलते ही ऐसा लग रहा है मानो शीतलहर की लहरें पूरे प्रदेश को अपनी गिरफ्त में ले रही हों। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के कई जिलों में आज शीतलहर जैसी स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है और बर्फीली पछुआ हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्रदेश में भयंकर ठंड की शुरुआत है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।

इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी

बिहार मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तेज पछुआ हवा के कारण रात से ही शीतलहर जैसी परिस्थिति बनी हुई है। यह स्थिति शनिवार को भी बनी रहने की उम्मीद है। पश्चिमी और मध्य बिहार में हवा की रफ्तार अधिक रहेगी, जिससे तापमान में और कमी होगी और ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। पटना, गया, भोजपुर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल सहित आसपास के कई जिले में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

कोहरे की मार जारी

अगले दो दिनों तक उत्तर और पूर्वी बिहार में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जारी किया गया है। मौसम केंद्र ने बताया कि कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे के साथ तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, पटना, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, सासाराम और कैमूर में कोहरे की मार जारी है।

तापमान में तेज गिरावट

राज्य में चल रही 40 किमी/घंटा तक की पछुआ हवाओं से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट की संभावना है। बिहार के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5°C से 12°C और अधिकतम तापमान 24°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज दर्ज की गई। सबसे कम तापमान  7.3°C औरंगाबाद का रहा। सबसे अधिक तापमान 28.2°C मोतिहारी का रहा। रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर, गोपालगंज, नालंदा और भागलपुर जिले 10°C के आसपास न्यूनतम तापमान के साथ सबसे अधिक प्रभावित माने जा रहे हैं।

Darbhanga Office: