समस्तीपुर से किलरों को बुलाकर परिचित ने ही कराई थी ड्राइवर की हत्या, पुलिस के हत्थे चढ़े हत्यारे।

गिरिडीह:खगड़िया के रहने वाले ट्रक चालक धीरज कुमार की हत्या पूरी तरह से साजिश रच कर की गई थी. धीरज की हत्या उसके परिचित दोस्त ने ही करवायी थी. सभी हत्यारे बिहार के समस्तीपुर से आए थे. इस मामले का खुलासा गिरिडीह की पुलिस ने किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों में बगोदर थाना इलाके के जरमुने निवासी 27 वर्षीय जैनूल खान उर्फ अरमान, 19 वर्षीय दाउद खान और बिहार के समस्तीपुर गहीला मरिचा निवासी 29 वर्षीय द्वारिका सिंह शामिल है. गिरफ्तारी की पुष्टि सोमवार को सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय राम ने की है.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, 18 नवंबर की सुबह बगोदर थाना अंतर्गत संतुरपी से आगे जीटी रोड के किनारे जंगल में अज्ञात का शव मिला था. प्रथम दृष्टया ही पुलिस को समझ में आ गया कि मामला हत्या का है. बाद में मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया जिला के लदौरा निवासी धीरज कुमार के तौर पर हुई. मृतक के पिता फुलेन यादव के आवेदन के आधार पर छड़ लदे ट्रक को लूटपाट कर हत्या करने के आरोप में बगोदर थाना में एफआईआर दर्ज की गई.

एसपी ने टीम गठित कर की कार्रवाई

इस हत्याकांड के उद्भेदन को लेकर एसपी डॉ बिमल कुमार ने बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में टीम गठित की थी. टीम में इंस्पेक्टर अजय कुमार, बगोदर थाना प्रभारी बिनय कुमार यादव, सरिया थाना प्रभारी आलोक कुमार, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, पुअनि अनुषेक कुमार, जयप्रकाश कुमार, अंजन कुमार, अभिजीत कुमार, आनंद कच्छप, सअनि झरी उरांव, संजय कुमार, बगोदर थाना रिजर्व गार्ड के साथ तकनीकी शाखा के आरक्षी जोधन महतो को शामिल किया गया था.

जांच में आरोप हुआ सत्य

टीम ने जांच की तो यह बात सत्य पाया कि मामला ट्रक लूट कर ड्राइवर को मार कर सुनसान जंगल में फेंक देने से जुड़ा है. एसडीपीओ ने बताया कि सर्वप्रथम बगोदर थाना क्षेत्र के निवासी जैनुल खान और दाउद खान को गिरफ्तार किया गया. जिन्होंने बताया कि वो ट्रक के ड्राइवर धीरज यादव को पहले से भी जानते थे तथा घटना के दिन उसे बगोदर में साजिश के तहत बुलाया गया था.

समस्तीपुर से आए पेशेवर अपराधी

जैनुल और दाऊद ने बताया कि ट्रक लूट तथा हत्या करने के लिए पेशेवर अपराधी समस्तीपुर बिहार से बुलाए गए थे. उन्होंने कहा कि योजना के तहत ट्रक ड्राइवर को शराब पिलाया तथा गांजा का सेवन करने के लिए सुनसान जगह पर गाड़ी के ड्राइवर को ले जाने के लिए राजी किया. जैसे ही गाड़ी संतुरपी के जंगल पर रुकी हम लोगों के द्वारा उक्त ड्राइवर के साथ मारपीट करना चालू किया, ट्रक से रॉड निकाल कर उसकी हत्या कर लाश को जंगल में फेंक दिया.

एसडीपीओ ने बताया कि इसके बाद उक्त तीनों समस्तीपुर बिहार के अपराधी लूटे हुए ट्रक को सरिया-राजधनवार रोड पर ले गये, जहां इनकी योजना छड़ को बिहार में बेच देने की थी. लेकिन पुलिस की मुस्तैदी को देखते हुए तीनों अपराधी ट्रक को दुमका हसडीहा टोल के पास छोड़कर भाग खड़े हुए. कांड में बचे अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर कांड में लूटे गए छड़ लदा वाहन, उसमें लगे GPS जिसे अभियुक्तों द्वारा खोल कर फेंक दिया गया था, मृतक को मारने में प्रयुक्त रॉड, मृतक के कपड़े, पैसा और बैग आदि बरामद किया गया है.

Darbhanga Office: