बिहार के भट्ठा मजदूर की गड्ढे में डूबकर मौत:महाराजगंज में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से हादसा।

पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मधुकरपुर महादेवा में स्थित एक भट्ठे पर काम करने वाले बिहार के एक मजदूर की गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के नवादा जिले निवासी मिथुन (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ कई वर्षों से इस भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। बताया जाता है कि भट्ठे के पास ही एक बड़ा गड्ढा था, जहां मिथुन अपनी पत्नी आशा देवी के साथ कपड़े धो रहा था।

कपड़े धोते समय मिथुन ने अपनी पत्नी से कहा कि वह गड्ढे में नहाने जा रहा है। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। पति को डूबता देख पत्नी ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते मदद नहीं मिल पाई।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार राय अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और शव को निकालने के लिए गोताखोरों की व्यवस्था हेतु मुख्यालय से संपर्क किया। मृतक के दो बच्चे, बेटी सोनाली और बेटा जीना, तथा पत्नी आशा देवी सहित बिहार के दर्जनों मजदूर भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

इधर, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी और शव की तलाश शुरू कर दी थी।

Darbhanga Office: