सहरसा के हक़पाड़ा में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान सहरसा सदर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी मो. मोतिन (40) के रूप में हुई है। मोतिन अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे और सहरसा में राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके परिवार में 2 बेटे और 2 बेटियां सहित 4 संतानें हैं।
मामले की जांच करने पहुंची पुलिस।
पहली मंजिल पर छत की रेलिंग का काम कर रहा था
मृतक के बेटे मो. आसिफ ने बताया कि उनके पिता पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद अकीन के निर्माणाधीन मकान की पहली मंजिल पर छत की रेलिंग का काम कर रहे थे। लोहे के सरिया को काटते समय वे मकान के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया
परिजनों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और मुआवजे की मांग की है। मोहल्ले के लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि हाईटेंशन तार जमीन से महज 15 फीट की ऊंचाई पर है और यह नंगा तार खुले हादसे को न्योता दे रहा है। उन्होंने तार को तुरंत कवर करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान करने की मांग की है।
सहरसा सदर थाना से पहुंचे सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही है।