सहरसा शहर के दहलान चौक के पास स्थित एक मनिहारी और कॉस्मेटिक गोदाम में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। इस घटना में गोदाम में रखा करीब 10 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
व्यवसायी दीपक गुप्ता ने बताया कि उनकी मुख्य दुकान सब्जी मंडी में है, जबकि दहलान चौक पर एंबेसी होटल के पीछे गुप्ता परिसर में किराए के एक कमरे में उनका गोदाम है। शनिवार रात करीब 9 बजे वे गोदाम बंद कर घर लौटे थे। रात लगभग 11 बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन पर गोदाम से धुआं निकलने और आग लगने की सूचना दी।
गोदाम का सारा सामान जलकर राख।
ढाई घंटे के बाद आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही दीपक गुप्ता ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। संकरी गली और गोदाम में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने लगभग ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
दीपक गुप्ता के अनुसार, गोदाम में मनिहारी के विभिन्न सामान, कॉस्मेटिक ज्वेलरी, प्लास्टिक उत्पाद और अन्य सामग्री रखी हुई थी। आग लगने से यह सारा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आसपास के घरों-दुकानों तक फैल सकती थी आग
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के घरों और दुकानों तक फैल सकती थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।