बिहार में एक्सिस और टुडेज चाणक्य का एग्जिट पोल फेल, सिर्फ इस एजेंसी ने दिए थे सटीक आंकड़े।

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए शुक्रवार सुबह से ही वोटों की गिनती जारी है। एनडीए प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रहा है। दोपहर डेढ़ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एनडीए डबल सेंचुरी के नजदीक पहुंच चुका है, जबकि महागठबंधन को सिर्फ 41 सीटों पर ही बढ़त है। राज्य में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनते हुए 90 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

 

विधानसभा चुनाव के बाद आए तमाम एग्जिट पोल्स ने भी एनडीए की जीत की ही संभावना जताई थी, लेकिन एक सर्वे एजेंसी के अलावा और किसी ने भी इतनी प्रचंड जीत का दावा नहीं किया था। यहां तक कि टुडेज चाणक्य और एक्सिस माय इंडिया जैसी सर्वे एजेंसियां भी एनडीए सरकार की ‘सुनामी’ को अपने एग्जिट पोल के जरिए बता नहीं सकीं।

एक्सिस माय इंडिया ने बिहार चुनाव के मतदान के बाद दिए अपने एग्जिट पोल में एनडीए की जीत तय बताई, लेकिन उसे 121-141 सीटें ही दीं, जबकि अब एनडीए 199 सीटों पर बढ़त हासिल कर चुका है।

 

वहीं, एक्सिस ने महागठबंधन को 98-118 सीटें दी थीं, लेकिन महज 41 सीटों पर ही उसे बढ़त हासिल है। उसी तरह एक और नामी सर्वे एजेंसी टुडेज चाणक्य का भी एग्जिट पोल इस बार सटीक साबित नहीं हुआ। अपने एग्जिट पोल मे टुडेज चाणक्य ने बताया था कि एनडीए इस बार 148-172 सीटों के आंकड़े तक पहुंच सकता है, जबकि महागठबंधन को 65-89 सीटें मिल सकती हैं। एनडीए को इस बार कहीं अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि, इस बार एक सर्वे एजेंसी का आंकड़ा सही साबित रहा है। यह एजेंसी पोल डायरी है ।

पोल डायरी ने अपने बिहार चुनाव के लिए किए गए एग्जिट पोल में एनडीए को 184-209 सीटें दी थीं। वहीं, महागठबंधन को 32-49 सीटें दीं।

 

दोपहर डेढ़ बजे तक के आंकड़ों के हिसाब से पोल डायरी का यह एग्जिट पोल एकदम सटीक साबित होता दिख रहा है। एनडीए डबल सेंचुरी के पास तो महागठबंधन 41 सीटें पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, एनडीए में भाजपा को 88, जेडीयू को 81 सीटों पर बढ़त है। चिराग पासवान की पार्टी को 22, हम को चार और आरएलएम को चार सीटों पर बढ़त हासिल है। दूसरी ओर, महागठबंधन की बात करें तो आरजेडी महज 26 सीटों पर, कांग्रेस सात, सीपीआईएमएल चार, सीपीआईएम और सीपीआई एक-एक सीटों पर आगे चल रही है।

Darbhanga Office: