जाम से निपटने को रूट डायवर्ट, वाहनों की पार्किंग तय|मधुबनी।
जिला पदाधिकारी के साथ बैठक में मौजूद अधिकारी।
मधुबनी के आर.के. कॉलेज परिसर में मतगणना के दिन शहरी क्षेत्र में यातायात को सुचारु रखने और जाम की समस्या से निपटने के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
इस योजना के तहत, भालसरी चौक ड्रॉप गेट पर तैनात दंडाधिकारी/पुलिस अधिकारी रहिका की ओर से आर.के. कॉलेज आने वाले सभी सार्वजनिक वाहनों को भालसरी चौक से चौबन्नी पट्टी, बलुआ, गांधी चौक, स्टेडियम चौक होते हुए वाट्सन स्कूल गेट के सामने मुख्य सड़क में प्रवेश करने का निर्देश देंगे। शहर से रहिका की ओर जाने वाले सार्वजनिक वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे।
शहरी क्षेत्र से राजनगर की ओर जाने वाले सार्वजनिक वाहन गौशाला रोड, चभच्चा मोड़, लहेरियागंज होते हुए जाएंगे। राजनगर से शहर की ओर आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से लौटेंगे।
इसी तरह, शहरी क्षेत्र से बेनीपट्टी, कलुआही और जयनगर की ओर जाने या आने वाले सभी सार्वजनिक वाहन गौशाला रोड, चभच्चा मोड़, मीना बाजार, सौराठ पोखरौनी होते हुए गुजरेंगे।
वहीं मतगणना केंद्र (आर.के. कॉलेज, मधुबनी) में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के वाहन रहिका की ओर से आने वाले पथ (सप्ता चौक) के पूरब ड्रॉप गेट तक और पूरब भाग से आने वाले अभ्यर्थियों के वाहन किशोरी लाल चौक से आगे भगवती स्थान मोड़ तक ही आ सकेंगे।
मतगणना कार्य हेतु प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और अन्य कर्मियों के सरकारी/निजी वाहन आर.के. कॉलेज, मधुबनी के पिछले प्रवेश द्वार (गेट संख्या-2) से परिचय पत्र/नियुक्ति-पत्र दिखाने के बाद परिसर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों की पार्किंग आर.के. कॉलेज, मधुबनी के उत्तर स्थित मैदान में होगी।