महिलाएं और शिक्षक कैंडल मार्च में शामिल. राजनगर प्रखंड मुख्यालय से सोमवार शाम विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।
कोषांग के अंतर्गत आयोजित किया गया था। कैंडल मार्च प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर मचहट्टा चौक, स्टेशन रोड और भट्ठी चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा और अंततः मचहट्टा चौक पर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने “पहले मतदान फिर जलपान”, “उमंग के साथ करें मतदान” और “जागरूक मतदाता बढ़ाए देश की शान” जैसे नारे लगाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में जीविका समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, शिक्षक, शिक्षा सेवक और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वीप कोषांग के सहायक नोडल अधिकारी सुजीत कुमार ठाकुर, अशोक कुमार, गुलाम रसुल, प्रमोद राय और एल.एस. पूनम कुमारी भी मार्च में उपस्थित रहे और लोगों को मतदान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का मतदान में भाग लेना लोकतंत्र को मजबूत बनाने का अहम हिस्सा है। यह जागरूकता अभियान लोगों को शांतिपूर्ण और सक्रिय मतदान के लिए प्रेरित करने में सफल रहा।