बेगूसराय के गंगा घाटों पर भीड़:सिमरिया में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए नेपाल से पहुंचे श्रद्धालु; सुरक्षा के पुलिस तैनात।

बेगूसराय के गंगा घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान करने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सिमरिया, झमटिया और साहेबपुर कमाल के राजघाट पर लोगों की भाड़ी भीड़ जुटी है। सिमरिया गंगा धाम में बिहार ही नहीं, देश के विभिन्न राज्यों और विदेशी श्रद्धालु पहुंचे हैं।

सुबह से ही बरौनी जीरोमाइल से लेकर सिमरिया पुल तक एनएच-31 पर भीड़ रही। शारीरिक, मानसिक सुख और मोक्ष की कामना के साथ गंगा स्नान करने के लिए रात से बेगूसराय सहित बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल से भी बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु पहुंच गए थे।

जिसके बाद रात तीन बजे से ही हर-हर गंगे के जयकारा के बीच नमामि गंगे घाट से रामघाट तक शुरू स्नान का सिलसिला लगातार जारी है। इस दौरान दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने का अनुमान लगाया जा रहा है। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना तथा गुरु पूजन किया।

लौकिक और पारलौकिक गति की प्राप्ति

सर्वमंगला सिद्धाश्रम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही। गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे। एनएच के सभी चौक पर जहां पुलिस बल की व्यवस्था थी, वहीं राजेन्द्र पुल स्टेशन से लेकर गंगा घाट तक पुलिस बल तैनात किए गए थे।

स्वामी चिदात्मन जी ने कहा कि गंगा सदैव से मोक्ष दायिनी रही है और मोक्षदायिनी रहेगी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान और पूजन से सभी प्रकार के लोभ, मोह, ईर्ष्या और पाप का शमन होता है। लौकिक और पारलौकिक गति की प्राप्ति होती है। उसमें भी आदि कुंभा स्थली सिमरिया धाम गंगा स्नान से कई गुणा अधिक फल प्राप्त होता है।

Darbhanga Office: