बेगूसराय में एक महिला ने के आत्महत्या का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पति से मोबाइल पर विवाद के बाद पत्नी ने यह कदम उठाया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आयी है. यहां पति से मोबाइल पर हुए विवाद के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ी गाछी गांव की बताई जा रही है.
पति से मोबाइल पर विवाद बना वजह मृतका की पहचान अजीत कुमार की पत्नी तन्नु देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तन्नु देवी के पति बाहर प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं. वहीं, सोमवार की रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद तन्नु देवी ने घर में ही गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है.