समस्तीपुर में लोजपा(रा.) सांसद शांभवी चौधरी ने रविवार देर शाम रोड शो किया। एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी अश्वमेघ देवी के लिए आम जनता से वोटिंग की अपील की। रोड शो के दौरान भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी डॉक्टर तरुण चौधरी भी मौजूद रहे।
रोड शो शहर के स्टेशन रोड से शुरू हुआ। पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए मगर दही घाट, गोला रोड, बहादुरपुर, सुभाष चंद्र रोड, बंगाली टोला रोड, स्टेशन रोड होते हुए अश्वमेघ देवी की आवास पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके साथ एनडीए घटक दलों के कार्यकर्ता भी साथ-साथ चल रहे थे। ढोल बाजे के साथ लोग समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे।
रोड शो के दौरान सांसद शांभवी और प्रत्याशी अश्वमेघ देवी।
स्थानीय विधायक ने 15 साल में कुछ नहीं किया
शांभवी चौधरी ने कहा कि स्थानीय विधायक 15 साल से यहां का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन जिस तरह से समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास होना चाहिए था, वह नहीं हो पाया। जो काम हमारे कार्यकाल में 1 साल में हुआ, वो 15 साल में नहीं कर पाए।
वह अपना काम गिना सकते हैं, जबकि सारा काम बिहार सरकार का है। यहां के लोगों से हमारी अपील है कि एनडीए उम्मीदवार को अपना वोट देकर जिताएं, ताकि डबल इंजन की सरकार यहां विकास कर सके। यहां जो विकास की रफ्तार धीमी है, उसमें तेजी लाया जा सके।
समस्तीपुर की जनता ने सशक्त सांसद चुना है
शांभवी चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार अपना घोषणा पत्र लेकर आई है। जिसमें बताया गया है कि महिलाओं को कैसे सशक्त करेंगे। तेजस्वी यादव के पास कोई विजन नहीं है। हर परिवार के लिए नौकरी की बात करते हैं, लेकिन यह नौकरी वह कैसे देंगे कि उन्होंने नहीं बताया है। जिस तरह से समस्तीपुर की जनता ने सशक्त सांसद चुना है, उसी प्रकार अब विधायक भी चुनें। ताकि सांसद और विधायक दोनों मिलकर समस्तीपुर का चौमुखी विकास कर सके।