बिहार की एक 23 वर्षीय बीकॉम छात्रा सुसाइड करने के लिए गोरखपुर के राजघाट इलाके में राप्ती नदी के बीच पहुंची। उसने गर्दन तक पानी में खड़े होकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद लोग चिल्लाने लगे और उसे बाहर बुलाने की कोशिश करने लगे।
करीब आधे घंटे तक छात्रा नदी में खड़ी रही, लेकिन फिर खुद बाहर आ गई। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। राजघाट पुलिस ने छात्रा से पूछताछ की, जिसमें कई हैरान करने वाली बातें सामने आईं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार को हुई थी। शुक्रवार को छात्रा के परिवार वालों को बिहार से बुलाकर सौंप दिया गया। पूछताछ में पता चला कि छात्रा बक्सर जिले के फार्मासिस्ट की बेटी है और घर से नाराज होकर गोरखपुर आई थी। उसने हाल ही में बीकॉम की पढ़ाई पूरी की थी।
राजघाट पुलिस ने छात्रा को समझाकर पिता के साथ घर भेज दिया।
अब जानिए पूरा मामला… राजघाट इलाके में दिखी एक युवती गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे राजघाट इलाके में एक युवती पहुंची। वह राप्ती नदी के किनारे गई और वहां अपना बैग और चप्पल रख दिए। इसके बाद वह धीरे-धीरे नदी के अंदर उतरने लगी। युवती की लंबाई करीब 5 फीट से अधिक थी। जैसे ही पानी उसकी गर्दन तक पहुंचा, वह वहीं खड़ी हो गई। अब उसका पूरा शरीर पानी में था और केवल सिर बाहर दिखाई दे रहा था।
लोगों ने देखा तो मच गई हलचल युवती का सिर पानी के ऊपर दिखाई देने पर आसपास के लोग नदी किनारे पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवती जिंदा है और अंदर से सब कुछ देख रही है। लोग उसे बाहर आने के लिए चिल्लाने लगे। एक व्यक्ति ने आवाज लगाई, “बाहर आ जाओ, जो भी परेशानी होगी, हम उसे दूर करेंगे।” लेकिन युवती बिना कुछ बोले वहीं पानी में खड़ी रही। धीरे-धीरे वहां भीड़ जमा हो गई।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकली बाहर भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने राजघाट थाने को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब आधे घंटे तक युवती नदी के अंदर खड़ी रही। पुलिस और स्थानीय लोगों के काफी समझाने के बाद वह आखिरकार बाहर आई।
बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली है छात्रा पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह कुछ भी नहीं बता रही थी। उसके मोबाइल से पुलिस ने परिजनों का नंबर निकालकर संपर्क किया। पिता ने बताया कि उनकी बेटी बिना बताए घर से निकल गई थी। बाद में परिवार को सूचना दी गई और वे बिहार से गोरखपुर पहुंचे।
लखनऊ जाने के लिए निकली थी पूछताछ में पता चला कि युवती के पिता बिहार के बक्सर जिले में फार्मासिस्ट हैं। छात्रा बीकॉम की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी। उसने बताया कि वह बक्सर से ट्रेन में बैठी थी, लखनऊ अपनी शादीशुदा बहन के घर जाने के लिए, लेकिन रास्ते में गोरखपुर आने का फैसला कर लिया।
नदी में घुसते ही डर गई गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उसने आत्महत्या करने का फैसला किया। राप्ती नदी के बारे में जानकारी लेकर राजघाट पहुंची। पहले उसने पुल से छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन जाली होने की वजह से ऐसा नहीं कर सकी। फिर नीचे उतरकर नदी में चली गई। जैसे ही पानी उसकी नाक तक पहुंचा, डर के मारे वहीं खड़ी रह गई।
पुलिस और परिवार ने समझाकर भेजा घर पुलिस और परिवार के समझाने के बाद युवती को सुरक्षित बिहार भेज दिया गया। इस पूरी घटना का कई लोगों ने वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पर कुछ लोग इसे “ड्रामा” बता रहे हैं, जबकि कुछ ने लड़की की मानसिक स्थिति पर चिंता जताई है।