सुपौल में धूमधाम से मनाई गई काली पूजा:CO-CI ने पंडालों का लिया जायजा, अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन अलर्ट।

सुपौल में दीपावली की रात शहरी व ग्रामीण इलाकों में भव्य काली पूजा का आयोजन किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जिले के सुपौल, निर्मली, त्रिवेणीगंज व वीरपुर क्षेत्र में काली मंदिरों और पूजा पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

निर्मली नगर में काली पूजा का विशेष आकर्षण मेन रोड स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में रहा, जहां भव्य पंडाल और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच मां काली की आरती व पूजा-अर्चना हुई। पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा।

निर्मली सीओ ने पंडालों का किया निरीक्षण

विधि व्यवस्था व शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से निर्मली सीओ विजय प्रताप सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय कुमार और थानाध्यक्ष सियावर मंडल व अन्य पुलिस बल के साथ विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण करते नजर आए। इस दौरान सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) की भी पर्याप्त तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न घटे।

छठ के साथ होगा काली पूजा का समापन

काली पूजा समिति निर्मली के अध्यक्ष निर्मल साह, सचिव सूरज पांडेय, कोषाध्यक्ष आनंद कश्यप और संयुक्त सचिव नीतीश राणा ने बताया कि काली पूजा का शुभारंभ दीपावली की रात हुआ है और इसका समापन लोक आस्था के महापर्व छठ के साथ किया जाएगा। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, प्रकाश और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई है।

पूरे नगर में भक्तिमय माहौल के बीच लोगों ने मां काली की आराधना की और सुख-समृद्धि की कामना की। पुलिस-प्रशासन की चौकस निगरानी और समिति की सक्रियता के चलते जिलेभर में काली पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में हुआ।

 

Darbhanga Office: