BJP नेता के घर पर बदमाशों ने की बमबाजी, धमाके से खिड़की क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे परिजन।

बिहार के गया जिले में मंगलवार की देर रात भाजपा नेता संतोष कुमार के घर पर बदमाशों ने बम से हमला कर दिया। जिले के डोभी थाना के करमौनी स्थित भाजपा नेता के आवास पर बम हमले से घर को काफी क्षति पहुंची है। वहीं, नेता अपने पूरे परिवार के साथ सुरक्षित बच गए।

बदमाशों के द्वारा नेता और उसके परिवार को लक्ष्य करते हुए बम फेंकने की खबर है। घटना देर रात के 2 बजकर 47 मिनट पर हुई। भाजपा नेता ने बताया कि सीसीटीवी में करमौनी बाजार की ओर से एक बाइक पर दो बदमाश आते दिखे हैं। गया-डोभी सड़क मार्ग के किनारे स्थित घर के बाहर उन्होंने अपनी बाइक खड़ी की और झोला में रखा बम निकालकर ताबड़तोड़ बम फेंकने लगे।

घर के कई हिस्सों पर बम धमाके के निशान

बदमाशों ने भाजपा नेता के घर की खिड़की को निशाना बनाते हुए चार बम फेंके। एक के बाद एक बम धमाके से पूरा घर हिल उठा। परिवार सहित आसपास के लोग दहशत में आ गए। बम हमले से भाजपा नेता के घर की खिड़कियों के शीशे टूट गई। घर पर कई जगह दाग बन गया है। घटना को अंजाम देकर बदमाश सहदेव खाप की ओर भाग गए। भागने के क्रम में अपने साथ लाया झोला और दो जिंदा बम छोड़ गए।

घटना के बाद भाजपा नेता सह मुखिया संघ शेरघाटी अनुमंडल पूर्व अध्यक्ष ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने लगभग एक सौ ग्राम और ढाई सौ ग्राम के दो बम बरामद किए, जिसे बम निरोधक दस्ता ने डिफ्यूज किया। घटनास्थल पर बुधवार की सुबह ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

Darbhanga Office: