संभल में समाजवादी पार्टी के विधायक शाहिद मंजूर ने संभल में बिहार चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में ‘एंटी-बीजेपी’ सरकार बनेगी। मंजूर ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सहित अन्य आयोग सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं।
विधायक मंजूर मेरठ की किठौर विधानसभा से हैं और वह संभल में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ संभल विधायक इकबाल महमूद भी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम संभल के थाना हयातनगर क्षेत्र की सरायतरीन स्थित बहजोई रोड के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया था।
शाहिद मंजूर ने कहा कि अब चुनाव आयोग या अन्य आयोगों का काम खत्म हो गया है, वे केवल सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हिंदुस्तान की जनता का रुख भाजपा के खिलाफ है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर किसानों, मजदूरों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। मंजूर के अनुसार, भाजपा ने जो जुमले कहे थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस सरकार से तंग आ चुकी है और इसे हटाना चाहती है।
बिहार चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक मंजूर ने कहा कि पहले भी बिहार की जनता ने भाजपा को नकारा था। इस बार बिहार की जनता उन लोगों को सबक सिखाएगी जिन्होंने भाजपा के खिलाफ वोट मांगकर भाजपा की सरकार बनवाई थी। उन्होंने दोहराया कि बिहार में एंटी-बीजेपी सरकार का गठन होगा।