मध्य विद्यालय नाकूच : बीडीओ ने प्रधानाध्यापक को संवेदक पर एफआईआर करने का दिया निर्देश।
महिषी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय नाकूच के प्रधानाध्यापक दिवाकर राम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी सहरसा को आवेदन देकर जिला योजना विभाग के ठेकेदार पर विद्यालय में बाउंड्री निर्माण योजना के नाम पर पुराने बाउंड्री का लगभग एक लाख 80 हजार रुपए का ईंट और सरिया गबन करने का आरोप लगाया है।
वहीं उक्त मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी महिषी ने पूरे मामले की जांच के बाद मध्य विद्यालय नाकूच के प्रधानाध्यापक को 24 घंटे के अंदर जिला योजना विभाग के संवेदक पर एक लाख 80 हजार राशि के निर्माण सामग्री गबन करने मामले में एफआईआर करने के निर्देश दिया है। साथ ही कहा गया कि एफ आई आर निर्धारित समय के अंदर नहीं होने पर हेडमास्टर की भी गबन में संलिप्तता मानी जाएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया आवेदन जिला शिक्षा विभाग के अभियंत्रण शाखा के सहायक अभियंता जयप्रकाश कुमार ने बताया कि मध्य विद्यालय नाकूच के प्रधानाध्यापक द्वारा इस तरह का आवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी के नाम दिया गया है,साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में महिषी के बीडीओ ने पूर्व में ही संवेदक के खिलाफ एफआईआर का निर्देश दिया है।
इस मामले का सबसे आश्चर्यजनक पहलू यह है कि जब इस संबंध में जिला योजना विभाग के कार्यपालक अभियंता नवनील कुमार हिमांशु से जानकारी लेने की कोशिश की तो उन्होंने इस संबंध में किसी भी तरह की जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि बाद में महिषी प्रखंड में पदस्थापित जिला योजना विभाग के कनीय अभियंता मनोज कुमार भी इस मामले में स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थता व्यक्त की। यहां तक कि उन्होंने संवेदक का नाम स्मरण में नहीं होने की बात कही।