सदर थाना क्षेत्र से अगवा कर जबरन शादी करने के मामले में नाबालिग लड़की ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने थाने में दिए आवेदन में कहा है कि पड़ोसी आकाश कुमार पिता बद्री शर्मा विगत दिनों से उसके साथ अभद्र व्यवहार कर शादी का दबाव बना रहा था। 25 सितंबर को जब घर पर परिजन नहीं थे, तभी आकाश अपने साथी साजन कुमार, बंटी कुमार और लक्ष्मण शर्मा के साथ आया और बंदूक दिखाकर उसे अगवा कर लिया।
अगवा करने के बाद आरोपी ने उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले जाकर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और दो दिनों तक एक कमरे में बंद रखा । बाद में सामाजिक दबाव में पीड़िता को परिजनों के हवाले कर दिया । पीड़िता ने कहा है कि डर के कारण उसने पहले शिकायत नहीं की, अब आरोपी पुनः अगवा करने और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। सदर थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवहट्टा प्रखंड के नए बीडीओ प्रिया भारती ने पदभार संभाल लिया है। योगदान देने के बाद प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया व प्रधान सहायक श्यामल किशोर से नवहट्टा प्रखंड के भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली ।बीडीओ ने कहा कि एक दो दिनों के अंदर पूर्वी कोसी तटबंध के पूर्वी भाग के पंचायतों का निरीक्षण करूंगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी ।