सहरसा के नया बाजार स्थित सत्यम हॉस्पिटल में अज्ञात अपराधियों ने मैनेजर और गार्ड पर हमला कर दिया। लूट के प्रयास के दौरान मैनेजर मुकेश ठाकुर को गोली लगी, जबकि गार्ड रमन किशोर साह का सिर लोहे की रॉड से फोड़ दिया गया। दोनों का इलाज सत्यम हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां मैनेजर की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना सोमवार रात करीब पौने दस बजे की है। घायल गार्ड रमन किशोर साह (55) सहरसा नगर निगम के बेगहा वार्ड 10 के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि वे मैनेजर मुकेश ठाकुर के साथ कैश काउंटर का हिसाब होने के बाद लगभग 5 लाख रुपए का बैग लेकर अस्पताल परिसर के पीछे वाले गेट से डॉक्टर के आवासीय परिसर में जा रहे थे।
लोहे की रॉड से सिर पर किया हमला
इसी दौरान, अस्पताल की छत के छज्जे से दो अज्ञात अपराधी कूद गए और उन्होंने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। जब गार्ड रमन किशोर साह ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद, उन्होंने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली मैनेजर मुकेश ठाकुर (32) के पेट में जा लगी।
दोनों अपराधी मौके से फरार
हमले के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। लेकिन अपराधियों ने रुपए नहीं ले सके। रमन किशोर साह ने बताया कि अपराधियों ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जिससे केवल उनकी आंखें ही दिख रही थीं।
मैनेजर मुकेश ठाकुर, जो सोनबरसा कचहरी थाना इलाके के अमरपुर गांव के निवासी हैं और कई वर्षों से सत्यम हॉस्पिटल में कार्यरत हैं, को गोली लगने के बाद ऑपरेशन थिएटर में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी FSL की टीम
घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।