DMCH और डीआईजी कार्यालय कैंपस में वाटर लॉगिंग:दरभंगा में बारिश से बढ़ी परेशानी।

दरभंगा में लगातार लगातार तीन दिनों तक हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। शहर की सड़कों से लेकर सरकारी दफ्तरों और अस्पतालों तक हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। नगर निगम की लापरवाही के कारण पूरा शहर झील में तब्दील हो गया है।

बारिश के बाद डीएमसीएच परिसर, जीएन गंज, कमर्शियल चौक, स्वीट होम चौक, दारूभट्ठी चौक, बंगाली टोला, दरभंगा टॉवर, नगर निगम कार्यालय परिसर, वार्ड 31,वीआईपी रोड समेत लगभग सभी इलाके जलमग्न हो गए हैं। घरों, दुकानों और गलियों में घुटनों से लेकर तीन-चार फीट तक पानी जमा है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे, जिससे कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है।

DIG कार्यालय परिसर में पंपिंग सेट से पानी निकाला जा रहा है।
DIG कार्यालय परिसर में पंपिंग सेट से पानी निकाला जा रहा है।
मरीज और स्टाफ को परेशानी

उत्तर बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भी जलजमाव की चपेट में है। मेडिसिन, शिशु एवं गायनी वार्डों में पानी घुस गया है। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को घुटनों तक पानी में होकर इलाज करना पड़ रहा है। मरीजों को दवा और रिपोर्ट लाने-ले जाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। पंपिंग सेट लगाकर जलजमाव हटाया जा रहा है।

लगातार बारिश के कारण पुलिस उप महानिरीक्षक मिथिला क्षेत्र कार्यालय परिसर में भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पूरा परिसर तालाब में बदल गया। नगर निगम के कर्मियों ने वॉटर पंपिंग सेट मशीन लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया, जिससे अस्थायी राहत मिली, लेकिन यह समस्या हर साल दोहराई जाती है। निगम कर्मी बबलू कुमार राय ने बताया कि पानी निकालने का काम जारी है। कुछ घंटों में परिसर से पानी निकाल दिया जाएगा।

नगर निगम की टीम सिर्फ टैक्स वसूली के लिए है

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम केवल टैक्स वसूली में सक्रिय है, जबकि नालों की सफाई और जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। हर साल करोड़ों का बजट खर्च होने के बावजूद शहर में स्थायी समाधान नहीं हुआ है। अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

स्कूल जाने वाले बच्चे और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। जलमग्न रास्तों से होकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। शहर में फैली गंदगी और बदबू से संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।दरभंगा टॉवर भगत सिंह चौक रोड, स्वीट होम मोड़ से दारूभट्ठी जीएन रोड, लहेरियासराय टॉवर और आसपास के इलाकों में भी जलजमाव है।

 

Darbhanga Office: