मधुबनी में कमला नदी में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण सोमवार को नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सहायक अभियंता प्रभात कुमार मिश्रा और जूनियर इंजीनियर संजय कुमार ने बताया कि कमला नदी में बाढ़ के खतरे को देखते हुए सूखी तटबंध के पास सुरक्षा कार्य किया जा रहा है। बांध से नदी के बहने की आशंका के चलते यह कार्य आवश्यक हो गया है।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जगह-जगह से पानी नदी में आ रहा है, जिससे बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।
दोनों तटबंधों के बीच बसे दर्जनों गांवों में जान-माल का खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।