अररिया:अररिया की बनगामा पंचायत में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है. मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पांच महीने हुई थी शादी:मृतका की पहचान सपना कुमारी उम्र 22 साल निवासी राधानगर (पूर्णिया) के रूप में हुई है. सपना की शादी पांच महीने पूर्व अररिया के बनगामा वार्ड संख्या 13 निवासी सोनू कुमार के साथ हुई थी. सपना (मृतका) के ससुराल वालों ने बताया कि हमने सपना को संदिग्ध परिस्थिति में देखा था. इसके बाद आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया.
परिजनों का बयान
सपना ने किया था लव मैरिज:मृतका के परिजनों ने बताया कि 5 महीने पहले सपना ने सोनू के साथ लव मैरिज की थी. शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक था, लेकिन फिर सास, ससुर और दोनों ननद उस पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाने लगीं.
रुपए और बाइक की ससुराल पक्ष कर रहा था मांग:ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 4 लाख रुपए और एक बाइक की मांग कर रहे थे. जिससे सपना के ससुराल वालों से लड़ाई भी हुई थी. दहेज नहीं लाने से नाराज होकर ससुराल पक्ष के लोगों ने हमारी बेटी की हत्या कर दी.
सास और पति से पुलिस कर रही पूछताछ:घटना के बाद सपना (मृतका) के परिजनों ने नगर थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसके बाद पुलिस ने सास और पति को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है.
”एक नवविवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला प्रकाश में आया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. मृतिका के परिजनों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है. जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है”.-सुशील कुमार, सदर एसडीपीओ