वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 का हिस्सा बनीं बिहार की स्वीटी, आर्गेनिक उत्पाद को PM मोदी ने की सराहना।

पीएम मोदी से संवाद करती हुई स्वीटी कुमारी

भागलपुर: दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में भागलपुर की महिला उद्यमी स्वीटी कुमारी शामिल हुई. इस दौरान स्वीटी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद किया. बिहार से स्वीटी का चयन देसी होम फ्लेवर को लेकर किया गया था. स्वीटी उर्दू बाजार विक्रमशिला कॉलोनी निवासी हैं.

कई देशों के प्रतिनिधि वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में हुए शामिल:वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में कुछ राज्यों के प्रतिनिधियों का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अपनी बातों को रखने के लिए हुआ था, जिसमें महिला उद्यमी स्वीटी कुमारी भी शामिल हैं. कार्यक्रम में दुनियाभर के कई देशों के प्रतिनिधि, उद्यमी, इन्वेस्टर्स और उपभोक्ता शामिल हुए.

वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में शामिल हुए पीएम मोदी और चिराग पासवान

पहली जेड गोल्ड प्रमाणित उद्यमी स्वीटी:महिला उद्यमी स्वीटी कुमारी ने आगे बताया किप्रधानमंत्री मोदी से मिलकर मेरा सपना जैसे साकार हो गया है. एक महिला उद्यमी के तौर पर कार्य करते हुए ईमानदारी से अपने सभी दायित्वों का निर्वहन किया है. साथ ही भागलपुर जिले की पहली जेड गोल्ड प्रमाणित उद्यमी बनीं हूं, जिसका प्रतिफल है कि ना सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश स्तर पर मेरा चयन वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के लिए किया गया.

”प्रधानमंत्री मोदी ने मुझसे देसी होम द्वारा निर्मित सरसों तेल, सत्तू और बेसन आदि के निर्माण प्रक्रिया, पैकेजिंग और मार्केटिंग आदि की जानकारी ली. साथ ही उन्होंने पूछा कि बाजार में वो अपने उत्पादों को कैसे बेचती हैं. जिस पर मैंने विस्तार से उन्हें जानकारी दी”.स्वीटी कुमारी, महिला उद्यमी

कोने-कोने तक पहुंचेंगे उत्पाद:स्वीटी कुमारी ने भागलपुर एवं बिहार के उद्योग विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पूरी दुनिया से लोग इस कार्यक्रम में जुटे और एक दूसरे से संपर्क एवं समन्वय स्थापित किया. आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि देसी होम द्वारा निर्मित उत्पाद अब मात्र बिहार में ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया के कोने-कोने तक निश्चित रूप से पहुंचेंगे.

”प्रधानमंत्री मोदी ने देश के पांच उद्यमियों से संवाद स्थापित किया है, जिसमें बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहीं स्वीटी कुमारी शामिल हैं. ये पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. स्वीटी कुमारी से जिला की जीविका दीदियों को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है कि किस तरह वे खुद के प्रयास से आगे बढ़ते हुए आज इस मुकाम तक पहुंची हैं”.– डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी

क्या कहते हैं उद्योग विभाग के अधिकारी?:उद्योग विभाग की GM खुशबू कुमारी कहती हैं कि वह एक सफल महिला उद्यमी हैं. गोल्ड मेडलिस्ट भी रही हैं. कई बार मेला और प्रदर्शनी में हिस्सा ले चुकी हैं. उनसे अन्य उद्यमी को प्रेरणा लेनी चाहिए कि किस तरह से वह सफलता हासिल कर अपने राज्य और जिले का नाम रोशन कर सकती हैं.

Darbhanga Office: